रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत अंतर्गत चंडीपुर में आयोजित अखंड हरि कीर्तन में गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो शामिल हुए। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ उपस्थित होकर भजन-कीर्तन में लीन नजर आए। पूरे गांव का माहौल भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
बताया जाता है कि 5 मई को कार्यक्रम में पहुंचकर पूर्व विधायक डॉ महतो ने भगवान के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से भी संवाद किया और ऐसे आयोजनों की सराहना की। मौके पर डॉ महतो ने कहा कि अखंड हरि कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा और संस्कृति की पहचान हैं। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आमजनों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता मजबूत होती है। भगवान की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, यही उनकी कामना है।

उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को मानसिक शांति प्रदान करते हैं और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों और आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान से क्षेत्र और देश की उन्नति एवं कल्याण की प्रार्थना की।
![]()













Leave a Reply