रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत से उत्साहित होकर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने 5 मई को भव्य विजय जुलूस निकाला। जुलूस का नेतृत्व खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने किया।
जानकारी के अनुसार सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय कुमार सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की प्रचंड जीत पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दिया है और अब राज्य में विकास और सुशासन का नया दौर शुरू होगा।
विजय जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की और मिठाइयां बांटी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत लोकतंत्र की जीत है और अब राज्य में विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब भय और अराजकता की राजनीति से मुक्त होकर एक नई दिशा की ओर अग्रसर हो रही है।
वहीं, भाजपा बोकारो जिला के वरीय नेता एवं जिला परिषद सदस्य प्रह्लाद महतो ने भी इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जीत देश में हो रहे विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दिया है और आने वाले समय में राज्य में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।
जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय रहिवासियों में भी उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम मे मुल रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद महतो, जिला महामंत्री संजय सिन्हा, खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो, महामंत्री अनिष् जयसवाल, रामचरन महतो, राजेश्वर महतो, कैलाश करमाली, जयनंदन करमाली, बिरेंद्र करमाली, सुरेश कालिंदी, मनोहर महतो, सुरेश महतो, उमेश तिवारी, अभय जयसवाल, मनमोहन तिवारी, जटल अड्डी, अजीत जयसवाल, दिनेश महतो, वाशुदेव महतो, गजानंद महतो के साथ सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply