अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर का विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर की पावन भूमि 4 मई की शाम श्रद्धा और भक्ति के रस में सराबोर रही। बिहार के पूर्व मंत्री व साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह ने सपरिवार देवाधिदेव महादेव और भगवान विष्णु के दिव्य स्वरूप हरिहर के चरणों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विधायक और उनकी पत्नी रेणु सिंह ने मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा का रुद्राभिषेक और पूजन किया। इसके पश्चात, उन्होंने सायंकालीन दिव्य श्रृंगार आरती में भाग लिया।
धूप, दीप और शंखध्वनि के बीच बाबा का यह स्वरूप अत्यंत मनोहारी लग रहा था, जिसका साक्षी बनकर विधायक दंपत्ति ने क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।
इस आध्यात्मिक प्रवास के दौरान बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने साहेबगंज विधायक का स्वागत किया। न्यास के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने विधायक को अंगवस्त्र और बाबा का प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर उप कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चन्द्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद, भाजपा नेता राकेश सिंह सहित कई श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। पूजा के उपरांत साहेबगंज विधायक सिंह ने मंदिर परिसर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बाबा के प्रति मेरी अटूट आस्था है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर ₹680 करोड़ की लागत से होने वाला विकास कार्य हरिहर क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा। यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए गौरव की बात है, बल्कि स्थानीय विकास के लिए भी एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।
![]()













Leave a Reply