खो- खो ग्राउंड बच्चों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा-डॉ जी. एन. खान
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में फुसरो-कथारा मुख्य मार्ग पर गायत्री कॉलोनी के समीप स्थित डीएवी कथारा के जूनियर विंग में लंबे समय से प्रतीक्षित खो-खो खेल मैदान का 3 मई को विधिवत उद्घाटन किया गया।
जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि विद्यालय के सीनियर विंग में जगह की कमी के कारण खेल अभ्यास में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए, यह नया मैदान छात्रों के लिए एक बड़ी सौगात और उनके समग्र विकास में मील का पत्थर माना जा रहा है।
इस नए खेल मैदान का उद्घाटन डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा के प्राचार्य सह जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी (एआरओ) डॉ जी. एन. खान द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया, जिसमें विद्यालय के खेल शिक्षक राहुल कुमार का विशेष और महत्वपूर्ण योगदान रहा।
खो-खो खेल मैदान के उद्घाटन के अवसर पर बच्चों के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया। इस मुकाबले में श्रद्धानंद हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि अरबिंदो हाउस उपविजेता रहा। अपना नया खेल मैदान पाकर बच्चों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
उद्घाटन के अवसर पर प्राचार्य डॉ खान ने कहा कि विद्यालय के छात्र खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल में हमेशा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं।
कहा कि वर्ष 2024 में विद्यालय के पांच छात्रों ने दिल्ली में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट (डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स) में भाग लिया था (जिसका स्टेट लेवल हजारीबाग में हुआ था), लेकिन मैदान की कमी के कारण उनके अभ्यास में काफी बाधा उत्पन्न हो रही थी। अब इस नए मैदान के बनने से बालक वर्ग (अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19) के छात्र स्कूल के बाद हर शाम यहाँ अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी क्लस्टर और स्टेट लेवल खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी आज से ही शुरू कर दी गई है, ताकि बच्चे आगे चलकर नेशनल स्तर पर अपना परचम लहरा सके।

प्राचार्य डॉ खान ने सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) ए.के. बी.सिंह को उनके सहयोग और आशीर्वाद के लिए साधुवाद दिया, जिनके प्रयास से जूनियर विंग में यह प्लेग्राउंड तैयार हो सका। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल की भावना से खेलने पर बच्चों का न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास भी होगा तथा उनके अंदर संस्कार और अनुशासन का भी निर्माण होगा।
खेल शिक्षक राहुल ने विद्यालय के कई प्रमुख होनहार खिलाड़ियों के नामों का भी उल्लेख किया जिसमें कृष्णा यादव, मनीष यादव, आलोक यादव, वीर आदित्य पांडेय, अमित कुमार, नवाब अंसारी और लकी कुमार शामिल है।
![]()













Leave a Reply