सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा क्षेत्र में धूल प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा 3 मई को फूट पड़ा। जब काराकोला रुमाटा प्लांट से चलने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क पर उड़ रही धूल से नाराज़ ग्रामीणों ने कई गाड़ियों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से आने-जाने वाले वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर धूल का गुबार उठता है, जिससे आसपास के रहिवासियों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। धूल घरों में घुस रही है और बच्चों तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय रहिवासियों ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित प्रबंधन और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया गया।
इससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क पर पानी छिड़काव और धूल नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई, तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार रहिवासियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply