प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। चतरा जिला के हद में ईटखोरी प्रखंड के धुना गांव रहिवासी अभय कुमार सिन्हा की माताजी के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य जनों की उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया।
जानकारी के अनुसार आयोजित श्रद्धांजलि सभा में चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर पांडेय उर्फ़ बिरजू ने दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि दिवंगत अत्यंत सरल, मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं, जिन्होंने अपने जीवन काल में समाज में सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा दिया। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और आदर्श सदा क्षेत्र के रहिवासियों के बीच जीवित रहेंगे।

इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं स्थानीय ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि दिवंगत का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित गणमान्य जनों ने शोक संतप्त अभय कुमार सिन्हा, अजय कुमार सिन्हा, संजय कुमार सिन्हा, बुलू सिन्हा एवम् राजू कुमार सिन्हा तथा उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दु:ख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। रहिवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उपस्थित जनों ने पुनः दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply