एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा प्रखंड के चिरुडीह-फुलवारी शिव मंदिर प्रांगण में 19 अप्रैल को संपूर्ण ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई।
जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर संपूर्ण ब्राह्मण समाज के केंद्रीय अध्यक्ष जितेंद्र दुबे ने भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि धर्म, न्याय और सत्य के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और समाज में समानता स्थापित करने की प्रेरणा मिलती है।
वार्ड सदस्य धीरज कुमार गिरि ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें साहस, संयम और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। जयंती कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया और समाज में एकता एवं समरसता बनाए रखने का संदेश दिया।
एक अन्य समाचार के अनुसार केंद्रीय कार्यालय बोकारो में भी भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया गया और हर घर में भगवान परशुराम का झंडा लगाने का निर्णय लिया गया। मौके पर बनारसी गिरि, विनय कुमार गिरि, निरंजन कुमार गिरि, प्रकाश कुमार, बाटूल कुमार, उत्कर्ष कुमार सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply