Advertisement

जिला टीबी कोमॉर्बिडिटी कमेटी की बैठक में उच्च जोखिम क्षेत्रों में कैंप का निर्देश

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला टी.बी. फोरम व् कोमॉर्बिडिटी कमेटी की बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 28 मार्च को जिला टी.बी. फोरम एवं कोमॉर्बिडिटी कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कमेटी के उपाध्यक्ष उप-विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ अभय भुषण प्रसाद, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ एन.पी. सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आर.सी.एच. पदाधिकारी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व् सदस्यगण उपस्थित थे।

बैठक का शुभारंभ उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया। साथ हीं टी.बी. के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु 100 दिन अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत प्रचार रथ को उपायुक्त द्वारा झण्डी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर टी.बी. जागरूकता का संदेश पहुंचाएगा।

उपायुक्त झा ने जिले में टी.बी. कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि टी.बी. के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। साथ ही, सभी पदाधिकारी और कंपनियों के सीएसआर को निर्देशित किया गया कि 1920 टी.बी. रोगियों को गोद लेकर पोषाहार वितरण सुनिश्चित किया जाए। उप-विकास आयुक्त मजूमदार ने जिले में जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक टी.बी. संदिग्ध मरीजों की जांच करवाने का निर्देश दिया।

सिविल सर्जन डॉ प्रसाद ने कहा कि टी.बी., एचआइवी और मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच कराते समय डेटा समय पर निक्षय पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार ने टी.बी. कार्यक्रम और जागरूकता अभियान के उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अंत में, उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *