रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में रामनवमी का पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रखंड के सभी गांवों एवं चौक-चौराहों में भक्ति का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह सजावट की गई थी और जयश्री राम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
रामनवमी के अवसर पर विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जुलूस के दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। इस दौरान अखाड़ों द्वारा लाठी खेल (लाठी चलाने की कला) का भी आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। युवाओं ने अपनी कला और साहस का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। रामनवमी के इस आयोजन ने कसमार प्रखंड में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया। जिन जगहों पर अखाड़ा द्वारा जुलूस निकाला गया उसमें से बागदा, खैराचातर, कसमार, मधुकरपुर, बरई के कोइरीजारा, दांतू, सोनपुरा आदि जगह शामिल था।
![]()













Leave a Reply