रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बरई कला पंचायत अंतर्गत कोइरीजारा स्थित बजरंग बली मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
बताया जाता है कि पूजा के उपरांत गांव में भव्य एवं आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसमें भगवान बजरंग बली के विभिन्न स्वरूपों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया।
झांकी के दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयकारे लगाते हुए जुलूस में शामिल हुए।
इस अवसर पर शिक्षक सह समाज सुधारक निहाली महतो एवं कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार भी मौजूद रहे। दोनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए रहिवासियों को आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने का संदेश दिया।

शिक्षक सह समाज सुधारक निहाली महतो ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और संस्कार को मजबूत करते हैं। हमें अपनी संस्कृति और परंपरा को सहेज कर आगे बढ़ाना चाहिए। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन हर स्थिति में आमजनों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर अशोक कुमार महतो, रामदास महतो, दिलीप महतो, केदारनाथ महतो, सुरेश कुमार आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply