एस. पी. सक्सेना/मुजफ्फरपुर (बिहार)। लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान के संस्थापक पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता के पहल पर लीची की पहचान वाले मीठे शहर लीचीपुरम मुजफ्फरपुर में अभियान चलाया जा रहा है।
गुप्ता द्वारा मुजफ्फरपुर जिला में लगभग 80 प्रतिशत लीची बागानों के कट जाने की चिंता के बीच, उन्हें बचाने और पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में 27 मार्च को मुजफ्फरपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज एमआईटी में एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एमआईटी मुजफ्फरपुर के प्रोफेसर डॉ रामजी गुप्ता एवं डॉ संजय कुमार के साथ-साथ छात्रों के जुनून क्लब के को-ऑर्डिनेटर आयुष मिश्रा, रोशन कुमार और सुमित कुमार से लीची की पहचान बनाये रखने को लेकर वार्ता की गई। इस विचार गोष्ठी के दौरान 7 से 9 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कॉलेज उत्सव में लीचीपुरम अभियान थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसका सभी ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस पहल के अंतर्गत लीची संरक्षण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें उक्त कॉलेज के छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। समाजसेवी गुप्ता के अनुसार लीची थीम के साथ कार्यक्रम कर अभियान को मजबूत किया जाएगा। साथ हीं लीचीपुरम आर्ट की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि एमआईटी कॉलेज के प्रोफेसरों एवं जुनून क्लब के उत्साही छात्रों ने इस अभियान में सहयोग देने का भरोसा जताया। इस अवसर पर गुप्ता द्वारा उपस्थित जनों को लीची के स्वाद वाली टॉफी खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। वहीं होली की सुगंध वाली अगरबत्ती सबको भेंट की गई।
![]()













Leave a Reply