सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा के योगनगर क्षेत्र में चैती दुर्गा पूजा इस वर्ष हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार महाअष्टमी के अवसर पर 26 मार्च को योगनगर स्थित मां दुर्गा मंडप परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही क्षेत्र की महिलाएं एवं पुरुष उपवास रखकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना में जुटे रहे। पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा और दुर्गा सप्तशती के पाठ व भजन-कीर्तन से क्षेत्र गूंजता रहा। महाअष्टमी के पावन दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान पूजा स्थल पर श्रद्धालू महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जो पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूजा में शामिल हुईं। पूजा संपन्न होने के बाद मां दुर्गा को महाभोग के रूप में खिचड़ी अर्पित की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।

इस अवसर पर भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे योगनगर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कुल मिलाकर, महाअष्टमी का यह पर्व योगनगर में आस्था और श्रद्धा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply