Advertisement

रामनवमी को लेकर जारंगडीह दुर्गा मंदिर में शांति समिति की बैठक

 एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर जिला के हद में बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह में 25 मार्च को शांति समिति की बैठक की गयी।

जानकारी के अनुसार जारंगडीह दुर्गा मंदिर परिसर में देर संध्या आयोजित शांति समिति की बैठक में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये। बैठक की अध्यक्षता बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव ने की।

इस दौरान जारंगडीह क्षेत्र के छह अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से उनके नेतृत्व में निकाले जानेवाले रामनवमी जुलूस का रूट, जुलूस में शामिल राम भक्तों की संख्या तथा पारंपरिक अस्त्र यथा लाठी, तलवार आदि की स्थिति की जानकारी ली गयी।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर झंडा जुलूस निर्धारित समय पर ही निकाला जाएगा। थाना प्रभारी यादव ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।भड़काऊ पोस्ट, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न करने वाले संदेश साझा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने एकजुट होकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह सहित अखाड़ा समिति के सदस्यों को गुलदस्ता एवं चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *