Advertisement

चास नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में सफाई-बिजली-पानी पर फोकस

मेयर भोलू पासवान ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड में संपन्न नगरपालिका चुनाव के बाद बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक 25 मार्च को आयोजित किया गया। बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जानकारी के अनुसार बैठक में मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था, बिजली (स्ट्रीट लाइट) और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं पर गहन चर्चा की गई। नगर निगम के पदाधिकारियों एवं पार्षदों ने सर्वसम्मति से इन समस्याओं के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए बेहतर चास-सुंदर चास के निर्माण का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में फैली समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया। सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, कचरा उठाव की नियमितता सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने और नई लाइट लगाने की योजना पर भी चर्चा की गयी, ताकि शहर में सुरक्षा और सुविधा दोनों बेहतर हो सके।

जलापूर्ति को लेकर भी कई अहम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी क्षेत्रों में नियमित और सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जहां-जहां पानी की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने कहा कि, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है। सफाई, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि हम सभी मिलकर बेहतर चास और सुंदर चास के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगर के विकास को नई गति देने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
मेयर ने कहा कि नगर निगम की टीम लगातार निगरानी करेगी और कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी नियमित रूप से की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर शहर के समग्र विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का संकल्प लिया। साथ हीं यह उम्मीद जताई गई कि इन फैसलों से चास नगर क्षेत्र में जल्द ही सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *