Advertisement

सीसीएल की पहल से सीआईपीईटी में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

सीएसआर के सौजन्य से 5वें बैच के प्रशिक्षुओं के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सेंट्रल कोलफीड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के पहल से सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीआईपीइटी) रांची के सहयोग से संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर 25 मार्च को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 5वें बैच के प्रशिक्षण के सफल समापन की औपचारिक घोषणा की गई।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम सीसीएल और सीआईपीईटी के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना था। बताया गया कि उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 180 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाना था। इससे पूर्व 4 बैच सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके थे तथा 5वें बैच के प्रशिक्षण के समापन के साथ ही पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हो गया।

ज्ञात हो कि चार माह की इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत 35 प्रशिक्षुओं को मशीन ऑपरेटर-इंजेक्शन मोल्डिंग (एमओ -आईएम) ट्रेड में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र दिए गये। उल्लेखनीय है कि इस बैच के 31 प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रतिष्ठित प्लास्टिक निर्माण कंपनियों में प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान किए जा चुके हैं, जो इस पहल की सफलता और उपयोगिता को दर्शाता है।

प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में सीसीएल और सीआईपीईटी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र के साथ महाप्रबंधक (सीएसआर/एसडी) एस. एस. लाल तथा प्रबंधक (सीएसआर/एसडी) श्वेता उपस्थित थी। जबकि, सीआईपीईटी रांची की ओर से अवनीत कुमार जोशी, मोहम्मद मासूम हैदर, शाह नवाज़ अहमद सहित संस्थान के शिक्षक एवं प्रशिक्षु कार्यक्रम में शामिल हुए।

बताया जाता है कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों जैसे प्लास्टिक प्रोसेसिंग और इंजेक्शन मोल्डिंग से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे उद्योग के अनुरूप कुशल एवं रोजगार के लिए तैयार पेशेवर बन सके।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी तथा उनके अनुशासन, समर्पण और परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं का कौशल विकास सीसीएल की सीएसआर गतिविधियों की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है।

कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित युवा क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा किए और इस कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सीसीएल एवं सीआईपीईटी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *