Advertisement

बोकारो सखी महोत्सव के तीसरे दिन उमड़ी भारी भीड़, बिक्री ने पार किया नया आंकड़ा

महोत्सव स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, पुरस्कृत किए गये प्रतिभागी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बीएसएल बोकारो के सेक्टर चार स्थित मजदूर मैदान में आयोजित चार दिवसीय बोकारो सखी महोत्सव के तीसरे दिन 24 मार्च को आमजनों की भारी भीड़ उमड़ी। महोत्सव में विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी के लिए आमजनों में खासा उत्साह देखा गया।

ज्ञात हो कि बोकारो जिला प्रशासन के सौजन्य से बीते 22 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित चार दिवसीय बोकारो सखी महोत्सव में कुल 53 स्टॉल लगाये गये है। बताया जाता है कि 24 मार्च को शाम 8:30 बजे तक कुल बिक्री ₹1,13,010 दर्ज की गई, जो महोत्सव की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और महिलाओं द्वारा बनाए गए सामानों को खरीददारों ने खूब सराहा और खरीदारी की।

इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों पर आमजन झूमते नजर आए, जिससे पूरे मजदूर मैदान में उत्सव का माहौल बना रहा। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) व् अन्य पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय महिला समूहों को मंच प्रदान करना और उनके उत्पादों को बढ़ावा देना है, जिसमें निरंतर सफलता मिल रही है। महोत्सव के अंतिम दिन 25 मार्च को विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे और अधिक संख्या में आमजनों के आने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *