डीसी, एसपी ने लिया खेल का आनंद, बैलून शूटिंग से ताजा हुई बचपन की यादें
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बोकारो सखी महोत्सव 2026 का शुभारंभ 22 मार्च को सेक्टर चार स्थित मजदूर मैदान में किया गया। उद्घाटन जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, फिल्ममेकर शशि वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सजावट, विभिन्न स्टॉलों की कतार और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। शुभारंभ के बाद डीसी, एसपी एवं फिल्ममेकर ने महोत्सव परिसर का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा लगाए गए 53 स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उनके उत्पादों की सराहना की। अतिथियों ने महिलाओं से उनके कार्यों की जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

महोत्सव में जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य सामग्री, हस्तनिर्मित वस्त्र, सजावटी सामान एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। यह आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
बोकारो सखी महोत्सव में यह कोशिश की गई है कि यह आयोजन केवल सरकारी आयोजन न बन जाए, बल्कि सही मायने में यह महोत्सव का रूप ले, जिसमें जन भागीदारी हो, अधिक से अधिक आमजन आकर महिलाओं के उत्पादन का अवलोकन कर आनंद उठा सके और सामानों को खरीद कर महिला सशक्तिकरण को और गति दे सके। इसके आकर्षण को बनाए रखने के लिए कई खास व्यक्तित्व भी पहुंचे, जिनकी देश में अपना खास पहचान है। पंचायत फिल्म निर्माता शशि वर्मा की उपस्थिति सखी महोत्सव को महोत्सव का रूप देने में और असरदार रहा।
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी संदीप शिंदे, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, भूमि सुधार उप समाहर्ता सह नजारत उप समाहर्ता प्रभास दत्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार बोकारो सखी महोत्सव सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल है। प्रतिभा खोजने का, हुनर तलाशने का और इस तरीके से मंच देने का जहां वे खुलकर अपनी बातें रख सके। अपने उत्पाद को प्रदर्शित कर सके और अपने बढ़ते कदम को दिखाते हुए यह साबित कर सके कि गांव की महिलाएं किसी से कम नहीं है। मौका चाहिए उन्हें अपने अंदर की क्षमता प्रदर्शित करने का।
मौके पर डीसी झा ने कहा कि बोकारो सखी महोत्सव महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत मंच है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कहा कि बोकारो सखी महोत्सव 22 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एक मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में आकर इस पहल को सफल बनाए और महिलाओं के उत्पादों को खरीदकर उनको आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मजबूती दें।

एसपी सिंह ने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में कार्यक्रम का आनंद ले सके। उन्होंने आमजनों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करें। फिल्ममेकर वर्मा ने कहा कि नारी सशक्त है तो समाज सशक्त होगा। उन्होंने आमजनों से महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने का आवाह्न किया। कहा कि चार दिवसीय यह महोत्सव न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मंच है, बल्कि समाज में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल भी साबित हो रहा है।
मौके पर उप विकास आयुक्त मजूमदार ने कहा कि यह महोत्सव बोकारो में पहली बार हो रही है। महोत्सव सुबह 10 बजे से संध्या 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। संध्या 6 बजे से रात 8 बजे तक संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बोकारो वासियों से अपील की कि महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा उपस्थित होकर स्वयं सहायता समूह के सामानों की खरीदारी कर महिलाओं को सशक्त बनाएं। अनुमंडल पदाधिकारी चास ढांडा ने भी महिलाओं को प्रेरित करने की बातें कहीं। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ गुप्ता ने महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने की बात कही।
गौरतलब है कि यह महोत्सव 22 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए विभिन्न स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम उपलब्ध रहेंगे।
महोत्सव में डीसी-एसपी ने खेल का आनंद ली, बैलून शूटिंग कर की बचपन की याद ताज़ा
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बोकारो सखी महोत्सव के दौरान रोचक और आनंदपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब डीसी अजय नाथ झा एवं एसपी हरविंदर सिंह ने मेले में लगे खेल स्टॉल पर निशाना लगाकर बैलून फोड़ने का आनंद लिया। भ्रमण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इसी क्रम में वे खेल स्टॉल पर पहुंचे, जहां उन्होंने उत्साहपूर्वक एयर गन से निशाना साधते हुए बैलून शूटिंग में भाग लिया। उनके सटीक निशाने पर बैलून फूटते ही मौजूद जनों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
![]()













Leave a Reply