प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नाइन स्थित बीएसएल कूलिंग पौंड में डूबे सात वर्षीय बच्चे की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। खराब मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित रहा।
ज्ञात हो कि बीते 20 मार्च की शाम हुई इस घटना में उमर नामक बच्चा अपने पिता मुजाहिद अली के साथ कूलिंग पौंड घूमने गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। बेटे को बचाने के लिए पिता भी पानी में कूद पड़े, लेकिन स्थानीय रहिवासियों की मदद से उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जबकि बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।
बताया जाता है कि दूसरे दिन 21 मार्च को जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के खेतको से आए स्थानीय गोताखोरों की टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पानी में उतरकर घंटों खोजबीन की, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसी बीच ऑक्सीजन खत्म होने और मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
इसे लेकर दूसरे दिन 21 मार्च को झारखंड की राजधानी रांची से एनडीआरएफ टीम के पहुंचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन देर शाम तक टीम नहीं पहुंच सकी। अब 22 मार्च को एक बार फिर तलाश अभियान चलाया जाएगा। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर निगरानी बनाए हुए है।
![]()













Leave a Reply