Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सपाहीटांड़ में आयोजित समारोह का मंत्री ने किया उद्घाटन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा पंचायत सपाहीटांड़ में कसमार–मंजूरा–मधुकरपुर जागृति आजीविका महिला संकुलन की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं उनके साथ पूर्व विधायक बबीता देवी, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक बबीता देवी एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामना एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कहा कि मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना सहित कई जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समाज की आधी आबादी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके और अपने सपनों को साकार कर सके।

इस अवसर पर मंत्री ने आजीविका से जुड़ी दीदियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया और उनके कार्यों की सराहना की। वहीं पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और सरकार की योजनाएं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं।

कसमार प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि आजीविका समूहों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें समाज में नई पहचान दिलाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आजीविका दीदियां, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *