Advertisement

50 की हुईं धक धक गर्ल

बॉलीवुड की धक धक गर्ल एक्‍ट्रेस माधुरी दीक्षित आज 50 साल की हो गई हैं। पर उम्र का उनकी खूबसूरती पर कोई असर नहीं पड़ा है आज भी माधुरी की खूबसूरती के लोग दीवाने हैं। अपनी अदाकारी से बॉलीवुड पर राज करने वाली माधुरी के करियर पर डालते हैं एक नज़र।

माधुरी का जन्म 15 मई 1967 को हुआ था। माधुरी दीक्षित के चार भाई बहन हैं जिनमें वो सबसे छोटी हैं। माधुरी एक प्रशिक्षित कथक डांसर है।  माधुरी ने अपने करीयर की शुरुवात 1984 में आयी फिल्म ‘अबोध’ से की। ‘अबोध’ के बाद माधुरी को ‘वर्दी और ‘दयावान’ जैसी फिल्‍मों में छोटे रोल मिले।

लेकिन उनके कैरियर ने नया मोड़ तब लिया जब माधुरी को ‘तेजाब’ फिल्‍म में काम करने का मौका मिला। फिल्‍म ने बॉक्‍स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। फिल्‍म ‘तेजाब’ ने माधुरी और अनिल कपूर की जोड़ी को भी सुपरहिट कर दिया। इसके बाद माधुरी और अनिल ‘राम-लखन’ ‘परिंदा’और ‘कृष्‍ण-कन्‍हैया’ जैसी फिल्‍मों में साथ नजर आये।

इस अपार सफलता के बाद माधुरी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्‍म ‘बेटा’ के लिए माधुरी को फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड भी मिला। ‘बेटा’ फिल्‍म का गाना ‘धक धक करने लगा’ बॉलीवुड का फेवरेट सॉन्‍ग बन गया। माधुरी को निर्देशक सुभाष घई की फिल्‍म ‘खलनायक’ में काम करने का मौका मिला। जिसका गाना ‘चोली के पीछे क्‍या है’ सुपर-डुपर हिट रहा।

निर्देशक सूरज बड़जाति की फिल्‍म ‘हम आपके हैं कौन’ 1994 में रिलीज़ हुई। यह फिल्‍म हिंदी सिनेमा के इतिहास में भी सबसे बड़ी हिट फिल्म बन गयी। इस फिल्‍म के लिए माधुरी को अपना तीसरा फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। यश चोपड़ा की फिल्‍म ‘दिल तो पागल है’ के लिए माधुरी को चौथा फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

माधुरी दीक्षित ने डेनवर के कार्डियोवैस्कुलर सर्जन डॉ. श्रीराम नेने से 1999 में शादी की। उनके दो बेटे अरिन और रायन हैं। 2013 में, माधुरी ने ‘डांस विद माधुरी’ नामक एक ऑनलाइन डांस अकादमी का शुभारंभ किया। माधुरी दीक्षित फिलहाल तो किसी फिल्‍म में काम नहीं कर रही हैं, पर सोशल मीडिया पर अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *