गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर सराय में 10 जनवरी को शास्त्रीय संगीत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार पिछले 22 वर्षों से हर साल 10 जनवरी को यहां संगीत समारोह भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सराय थाने के दामोदरपुर रहिवासी संजय कुमार सिंह अपने पिता स्वर्गीय गंगा विष्णु सिंह की स्मृति में आयोजित करवाते हैं। जिसमें वैशाली जिले और इसके आसपास के स्थानीय उभरते कलाकारों को विशेष अवसर प्रदान किया जाता है। साथ ही देश के कई भागों से नामी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाता है।
आयोजित संगीत समारोह का उद्घाटन राजापाकर के विधायक महेंद्र राम, सीमा सिंह, रामचरित मानस मर्मज्ञ तृप्ति नाथ सिंह, संगीतज्ञ पूर्व मुखिया गणेश सिंह, संजय कुमार सिंह और साहित्यकार सह पत्रकार सुरेंद्र मानपुरी ने किया। कार्यक्रम में नृत्यागना अतिथि चौधरी ने कथक नृत्य, सुष्मिता भारती ने लोकगीत और अन्य दर्जनों कलाकारो ने गीत, वादन और नृत्य के आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर 14 वर्षीय तबला वादक आनंद शंकर ने तबले पर तीन ताल की ऐसी आकर्षक प्रस्तुति की कि जो भी संगीत के जानकार वहां उपस्थित थे, सभी ने उसकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। मंच का संचालन आकाशवाणी लखनऊ एवं दूरदर्शन के प्रसिद्ध उद्घोषक अशोक सिंह गौतम ने किया। बीच-बीच में स्थानीय संगीतज्ञ गणेश सिंह ने भी पूरी गंभीरता से मंच का संचालन किया।
इस अवसर पर सभी कलाकारों को मंच की ओर से सम्मानित किया गया। तृप्ति नाथ सिंह ने तबला वादक रूपक कुमार को सम्मानित किया। बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल के कोलकाता और अन्य राज्यों से आए कलाकारों का देर शाम तक कार्यक्रम जारी रहा। शास्त्रीय संगीत का यह मंच आने वाले समय में निश्चय ही राष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त कर लेगा। समारोह में उपस्थित दर्शकों ने संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया।
![]()













Leave a Reply