Advertisement

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया पेटरवार में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में राजकीय बालिका मध्य विद्यालय पेटरवार परिसर में 10 जनवरी को आयोजित प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का विधिवत उद्घाटन मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेला आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी है, जहाँ एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज़ के क्षेत्रों में रहने वाले रहिवासियों को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत बनाने तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ समय पर और प्रभावी ढंग से पहुँचें। स्वास्थ्य मेला में विभिन्न विभागों के चिकित्सकों द्वारा आम नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, माला कुमारी, 20 सुत्री प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार महतो, पेटरवार मुखिया दिनेश कुमार गुप्ता, पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, डॉ कुंदन राज, तपेश्वर सिंह, प्रकाश महतो, सत्यम प्रसाद, भागीरथ प्रसाद बक्सी, सांसद प्रतिनिधि पंकज कुमार सिन्हा के अलावे दर्जनों की संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *