रंजन वर्मा/कसमार/(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एसएस+2 उच्च विद्यालय कसमार के प्रांगण में 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ रंजीत कुमार झा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के हिन्दी विषय के शिक्षक राम बाबू शुक्ल द्वारा अपनी स्वरचित कविता हिंदी बोलो, हिंदी बोलो के सस्वर पाठ से किया गया। उन्होंने हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को हिंदी के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में इसके पश्चात जीव विज्ञान के शिक्षक महाकांत झा ने अपने विद्यार्थी जीवन की एक भावपूर्ण कविता का वाचन करते हुए हिंदी भाषा को जीवन से जोड़ने का प्रेरक संदेश दिया। इसी क्रम में विद्यालय के अंग्रेजी विषय के शिक्षक एवं पीएमश्री विद्यालय के नोडल पदाधिकारी डॉ अवनीश कुमार झा ने हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती कविता का पाठ कर छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय चेतना की संवाहक है। कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य में हिंदी रोजगार, तकनीक और जनसंचार की एक सशक्त भाषा बनती जा रही है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे हिंदी को गर्व के साथ अपनाएं और इसे अपने जीवन व करियर से जोड़ें।
अंत में हिन्दी विषय के शिक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह ने विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा में रोजगार की संभावनाओं, उसके प्रचार-प्रसार एवं भविष्य की उपयोगिता को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में सीमा ठाकुर, सुमन कुमारी, सीमा कुमारी, कैलाश कुमार, परमेश्वर बेसरा सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षिका उपस्थित रहीं। वहीं छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। अंकित कुमार, माधव लाल, सूरज कुमार सहित कई विद्यार्थियों ने विश्व हिंदी दिवस से संबंधित आकर्षक पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।
![]()













Leave a Reply