Advertisement

करमपदा में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम में ग्रामीणों को राहत सामग्री

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 26वीं वाहिनी समादेष्टा (कमाडेंट) राजीव रंजन के निर्देशानुसार एफ/26वीं वाहिनी सीआरपीएफ, करमपदा द्वारा 9 जनवरी को ग्राम करमपदा (किरीबुरु) में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व निरीक्षक जीडी अजीत किशोर ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनका विश्वास जीतना तथा जरूरतमंद रहिवासियों को आवश्यक सहायता प्रदान करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों के बीच कंबल, खेती के लिए बीज, बच्चों के लिए खेल सामग्री, स्कूल बैग, पेन, पेंसिल, छाता तथा महिलाओं के लिए रसोई के बर्तन का निःशुल्क वितरण किया गया। सामग्री पाकर ग्रामीणों में काफी खुशी और उत्साह देखने को मिला।

इस सिविक एक्शन कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावा सीआरपीएफ 26 वाहिनी के उप निरीक्षक सुरेन्द्र प्रसाद, उप निरीक्षक तरसम लाल, मेघाहातुबुरू उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपी मुंडा तथा करमपदा के मुंडा राहुल नायक की गरिमामयी उपस्थिति रही।

जनप्रतिनिधियों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताया। मौके पर अजीत किशोर (निरीक्षक/जीडी) ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वे नक्सलियों एवं आपराधिक तत्वों के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस या सीआरपीएफ को दें। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं जिला पुलिस क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और विकास के लिए सदैव तत्पर है। सीआरपीएफ का यह प्रयास सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *