सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने आरोप लगाया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सेल गुवा प्रबंधन मजदूरों के शोषण का षड्यंत्र रच रहा है, जिसे यूनियन किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने देगी।
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष पांडेय सेल गुवा क्लब में 9 जनवरी को आयोजित मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते 6 जनवरी को सेल के माइंस कार्यपालक निदेशक विकास मानवती द्वारा गुवा में ड्रिल मशीन का उद्घाटन किया गया। वरीय अधिकारी द्वारा सामान्य सा काम किया जाना उलझन की स्थिति उत्पन्न करने वाली बात है।

उन्होंने कहा कि अब मजदूर जाग चुके हैं और अपनी एकजुटता का परिचय दे रहे हैं। पांडेय ने कहा कि सेल प्रबंधन के खिलाफ चल रही इस लड़ाई में अब गांव-गांव के बेरोजगार युवा भी यूनियन से जुड़ रहे हैं और बहुत जल्द आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेल गुवा खदान को निजी संस्था को सौंपने की तैयारी की जा रही है, जिसे यूनियन और मजदूर मिलकर कभी सफल नहीं होने देंगे।
पांडेय ने चिड़िया सेल खदान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रबंधन द्वारा मजदूरों का शोषण करते हुए ढ़ाई सौ मजदूरों की छंटनी कर दी गई है, जिसके खिलाफ यूनियन संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा भी मजदूरों के साथ खड़े हैं। उन्होंने सभी मजदूरों से एक मंच पर आकर एकजुट होने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने सामूहिक भोजन का आनंद लिया। मौके पर यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, रोहित पांडेय, किशोर सिंह, राजेश यादव, नुतन सुंडी, पार्वती दास, संजय सांडिल, पंकज गुप्ता, केदार ठाकुर, कुल बहादुर, लक्ष्मी बड़ाइक, बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply