Advertisement

अवैध रूप से प्राप्त फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र के विरुद्ध विधिवत आवेदन

प्रहरी संवाददाता/ गोमिया (बोकारो)। अवैध रूप से प्राप्त फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र के विरुद्ध जागरूक रहिवासियों द्वारा अंचल कार्यालय में विधिवत आवेदन दिया गया। इसे लेकर संवैधानिक तरीके से आंदोलन की चेतावनी दी गयी।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में अति सुंदरवर्ती क्षेत्र ग्राम सभा तिलैया एवं ग्राम सभा डाका साडम के जागरूक रहिवासियों ने बीते 6 जनवरी को अंचल कार्यालय गोमिया, मुख्यमंत्री सचिवालय रांची, मुख्य सचिव गोपनीय कोषांग एवं टीडबल्यूसी को विधिवत तरीके से आवेदन देकर रुंगटा कंपनी द्वारा अवैध एवं फर्जी तरीके से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाने के गंभीर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

रहिवासियों ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया कि रुंगटा कंपनी द्वारा ग्राम सभा की पूर्व सहमति, आमसभा प्रस्ताव एवं रहिवासियों की जानकारी के बिना संबंधित विभागों से कथित रूप से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया है, जो संविधान प्रदत्त ग्राम सभा अधिकारों, पेसा कानून एवं अन्य प्रशासनिक नियमों का खुला उल्लंघन है।

रहिवासियों ने प्रेषित आवेदन में संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि फर्जी एवं अवैध रूप से जारी किए गए सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र की तत्काल जांच कराई जाए। जांच पूर्ण होने तक रुंगटा कंपनी की सभी गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई जाए। ग्राम सभा की अनुमति के बिना जारी किए गए दस्तावेजों को निरस्त किया जाए। दोषी पदाधिकारियों एवं संबंधित कंपनी पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

साथ हीं भविष्य में ग्राम सभा की सहमति के बिना किसी भी प्रकार की प्रक्रिया न अपनाई जाए। रहिवासियों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *