खटिया डोली से रेलवे लाईन पार करते हैं बीमार ग्रामीण, रेलवे लाईन से घिरा है भंडारगढ़ा
अंडरपास की मांग को ले पंसस अयुब खान किसानो संग लगातार करते रहे हैं धरना प्रदर्शन
प्रहरी संवाददाता/लातेहार (झारखंड)। लातेहार जिला के हद में चंदवा प्रखंड के टोरी रेलवे लाइन पार भंडारगढ़ा गांव के बीमार ग्रामीणों को काफी मुश्किल से अस्पताल पहुंचाना पर रहा है। बीमार ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए रेल लाईन पार कराने के लिए खटिया डोली का सहारा लेना पर रहा है। यह स्थिति यहां अंडरपास नहीं होने के कारण उत्पन्न हुई है।
ताजा मामला 5 जनवरी की है, जब चंदवा प्रखंड के हद में ग्राम भुसाढ़ की भंडारगढ़ा रहिवासी गोइंदा गंझु की तबीयत बिगड़ गई। उसे ईलाज के लिए सीएचसी ले जाने के लिए परिजनों ने खटिया की व्यवस्था की। इसके बाद दर्जनभर पड़ोसियों की मदद से बीमार को खटिया के सहारे घर से पैदल रास्ता नहीं होने के कारण लाईन इस पार टोरी जंक्शन के पूर्वी, टोरी – महुआमिलान स्टेशन के बीच, भंडारगढ़ा – परसाही के निकट रेलवे पोल संख्या 182/28 एवं 182/29 के समीप खड़ी बुलाई गई 108 एम्बुलेंस तक रेलवे लाईन पार कर उसे पहुंचाया।
जानकारी देते हुए पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने बताया कि गांव तक आने जाने के लिए कोई व्यकल्पिक रास्ता नहीं है। इस रास्ते से आना जाना करने वालों की जान – माल का खतरा हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने के लिए मजबूर होना पर रहा है।
पंसस खान ने बताया कि चारों तरफ से रेलवे लाईन से भंडारगढ़ा गांव घिरा है। यह गांव सम्पर्क रास्ता से कटा है। यहीं से बिमार गोइंदा गंझु को भी खटिया में सुलाकर उसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
खान के अनुसार ग्रामीणों को लगा कि रेल लाइन के विस्तार से यहां अंडरपास का निर्माण होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कहा कि रेलवे विभाग सिर्फ अपनी आय बढ़ाने में लगा है। जबकि बरसात में भुसाढ़ व् भंडारगढ़ा गांव टापू बन जाता है। अंडरपास का निर्माण नहीं कर रेलवे विभाग द्वारा कई तकलीफें खड़ी कर दी गई है। कहा कि परसाही – भंडारगढ़ा के बीच रेल लाइन पार कर निकलने वाले एक मात्र रास्ते पर अंडरब्रिज पास नहीं होने के कारण इस रास्ते से आना जाना करने वाले कई गांवों के सैंकड़ों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पर रहा है।
ज्ञात हो कि आजादी के पहले से ग्रामीण स्कूल, कॉलेज, शहर, बाजार के साथ साथ तिलैयादामर, तुरी सोंत, मरमर, फुलटांड़, लोहसिंगना, महुआमिलन, पिपराही, भंडारगढ़ा गांव आवजाही करने वाले रहिवासी इसी रास्ते से पैदल आवागमन करते रहे हैं। इस रास्ते पर अंडरब्रिज पास निर्माण के लिए पंचायत समिति सदस्य अयुब खान के नेतृत्व में लगातार किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे लेकर अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन यहां अबतक अंडरब्रिज पास का निर्माण नहीं की गई है। पंसस खान ने रेलवे जीएम हाजीपुर और डीआरएम धनबाद से इस स्थान पर जल्द से जल्द अंडरपास बनवाने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply