एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बेहतर सुरक्षा प्रबंधन व् नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन को लेकर बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा पहली बार सीबीटी केन्द्र के रूप में चिह्नित किया गया है।
जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने 5 जनवरी को बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल्स में पिछले 3 वर्षों से नियुक्ति प्रक्रिया हेतु कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) का आयोजन किया जा रहा है। ये परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाती हैं। प्रातःकालीन पाली की शुरुआत 7:30 बजे से, अपराह्न पाली 10:30 बजे और सायं कालीन पाली 1:30 बजे से शुरू होती है। प्रत्येक पाली की परीक्षा डेढ़ घंटे की होती है। बताया कि परीक्षार्थियों से परीक्षा के एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का अनुरोध किया जाता है, ताकि पूर्व की सारी प्रक्रियाएं समयानुसार पूर्ण की जा सके।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के क्रम में सुरक्षा प्रबंधन द्वारा कदाचार की संभावनाओं का कड़ाई से अनुपालन को लेकर सर्वप्रथम परीक्षार्थियों की जांच की जाती है, ताकि कोई अवांछित सामग्री परीक्षा कक्ष में न जा सके। तत्पश्चात उनके एडमिट कार्ड से चेहरे का मिलान किया जाता है। एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो तथा पहचान पत्र की जांच की जाती है, जिनमें आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट तथा ई आधार कार्ड शामिल हैं।
इसके अलावा परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की अन्य वस्तुएं मसलन मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, ब्लूटूथ, पेजर, कैमरा, धूप के चश्मे, हैंड बैग, कागज के टुकड़े ले जाने की अनुमति नहीं है। उक्त सभी प्रक्रियाओं के पश्चात परीक्षार्थी को क्रमांक अनुसार कंप्यूटर कक्ष में बैठाया जाता है। परीक्षा केंद्र में एक पाली में 40 परीक्षार्थियों के परीक्षा देने का प्रावधान है।
विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह एवं परीक्षा केन्द्र अधीक्षक (सेंटर सुपरीटेंडेंट) डॉ जी. एन. खान ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएवी प्रबंधनकर्तृ समिति नई दिल्ली के सीएई के सीबीटी विभाग द्वारा पूरे भारत वर्ष में इन परीक्षाओं का संचालन किया जाता है। कहा कि परीक्षा ऑनलाइन होती हैं। इसकी पूरी निगरानी दिल्ली द्वारा ही की जाती है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जाती है।
बताया कि 5 जनवरी को डीएवी कथारा में संपन्न सीबीटी की परीक्षा के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट की प्राचार्य स्तुति सिन्हा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। शैक्षणिक पदों में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक के पद शामिल है। वहीं गैर- शैक्षणिक पदों में एलडीसी, यूडीसी, असिस्टेंट, लैब अटेंडेंट, लाइब्रेरियन के पद शामिल हैं। कहा कि डेढ़ घंटे की परीक्षा में दो पेपर होते हैं, जिनमें से पहले पेपर में तार्किक और दूसरे पेपर में विषय से आधारित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं।
प्राचार्य- सह सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक डॉ खान ने बताया कि यह गर्व का विषय है कि डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा पहली बार इस परीक्षा का केंद्र बना है। यह विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। परीक्षार्थी परीक्षा के पश्चात तनाव मुक्त होकर केंद्र से निकले। उन्होंने बताया कि परीक्षा के प्रश्न उनकी तैयारी के अनुरूप ही थे। प्राचार्य ने इस परीक्षा के सफल संचालन हेतु विद्यालय के सभी कर्मियों को साधुवाद दिया। उन्होंने स्वयं प्रारंभ से ही परीक्षा की सभी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
तलाशी दस्ते (फ्रीस्किंग टीम) में प्राचार्य स्वयं, शिक्षक रंजीत कुमार सिंह, गार्ड धनंजय, नवल, सुमित्रा आदि शामिल थे। प्राचार्य ने सभी वीक्षकों को भी साधुवाद दिया। उन्होंने परीक्षा समन्वयक नागेंद्र प्रसाद, शिक्षक जयपाल साव, निकिता कुमारी की भूमिका की विशेष सराहना की। उनके प्रयासों के कारण ही यह परीक्षा बिना किसी व्यवधान के पूर्ण रूप से सफल रही। साथ ही प्राचार्य ने प्रत्यक्ष तथा परोक्ष रूप से इस परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विद्यालय कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
![]()













Leave a Reply