रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं रामगढ़ के प्रभारी अशोक कुमार मंडल ने केंद्र की भाजपा नीत मोदी सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव मंडल ने 4 जनवरी को आरोप लगाते हुए कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में लगभग 20 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संसद में सर्वसम्मति से पारित मनरेगा कानून देश के लिए एक क्रांतिकारी कदम था। इस कानून ने करोड़ों ग्रामीण बेरोजगारों, शोषितों, वंचितों, गरीब एवं अत्यंत गरीब मजदूरों तथा महिला श्रमिकों को रोजगार का कानूनी अधिकार प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के कारण ग्रामीणों को अपने गांव, घर-परिवार और माटी छोड़कर पलायन करने पर रोक लगी तथा ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाया गया। यह योजना महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ठोस पहल थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल में ग्रामीण बेरोजगारों और गरीबों के हितों की अनदेखी करते हुए मनरेगा को कमजोर करने की साजिश रची गई।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान यही मनरेगा लाखों गरीब परिवारों के लिए संजीवनी साबित हुआ और मजदूरों को पलायन से बचाया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में केंद्र की मोदी सरकार ने बिना व्यापक विचार-विमर्श, संसद में समुचित चर्चा और विपक्ष को विश्वास में लिए बिना मनरेगा के स्वरूप में मनमाने बदलाव किए हैं। अब रोजगार किसे, कितना और कहां मिलेगा, इसका निर्णय दिल्ली में बैठकर किया जा रहा है, जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर है।
कांग्रेस नेता मंडल ने जोर देकर कहा कि मनरेगा किसी पार्टी की योजना नहीं, बल्कि देशहित और जनहित से जुड़ा कानून है। इसे कमजोर करना करोड़ों किसानों, श्रमिकों और भूमिहीन ग्रामीण गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 20 साल पहले गरीबों को रोजगार का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया था और आज भी मनरेगा पर हो रहे हमलों के खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि 5 जनवरी को झारखंड की राजधानी रांची के मोहरावादी मैदान, बापू वाटिका (महात्मा गांधी प्रतिमा) से लोक भवन (राजभवन) तक मोदी सरकार के खिलाफ एक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी।
यह पदयात्रा झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं झारखंड ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन अभिलाष साहू के नेतृत्व में आयोजित मनरेगा बचाओ अभियान रैली का हिस्सा होगी। उन्होंने कांग्रेस के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस रैली को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जन नफरती, तानाशाही और जुमलेबाज केंद्र सरकार के खिलाफ चट्टानी एकता के साथ खड़े हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में देशहित की लड़ाई जारी रहेगी।
![]()













Leave a Reply