Advertisement

केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा समिति की बैठक में महा सम्मेलन की तैयारी तेज

अवैध पाटन पर सख्ती और समिति पंजीकरण को लेकर बैठक में निर्णय

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा समिति की एक आवश्यक बैठक 4 जनवरी को बोकारो जिला के हद में पेटरवार में आयोजित किया गया। अध्यक्षता राधानाथ सोरेन ने की।

वन परिसर पेटरवार में संपन्न बैठक में समिति के महा सम्मेलन की तैयारियों, समिति के पंजीकरण, समिति को 90 प्रतिशत अधिकार दिलाने तथा जंगलों में हो रहे अवैध पातन को अविलंब रोकने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में समिति के सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से अपने विचार रखे और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि एक भव्य महा सम्मेलन राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अध्यक्ष राधानाथ सोरेन ने कहा कि जंगल हमारी जीवन रेखा हैं। अवैध पातन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के पंजीकरण से संगठन को कानूनी मजबूती मिलेगी और 90 प्रतिशत सदस्यों को अधिकार मिलने से जमीनी स्तर पर संरक्षण कार्य और प्रभावी होंगे। केंद्रीय सचिव मोहम्मद सुलेमान अंसारी ने कहा कि महा सम्मेलन के माध्यम से वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जाएगा। समिति का पंजीकरण और अधिकारों की स्पष्टता से कार्यों में पारदर्शिता आएगी।

केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए प्रशासनिक समन्वय और स्थानीय सहभागिता दोनों जरूरी हैं। समिति इस दिशा में निर्णायक कदम उठाएगी। केंद्रीय सदस्य आनंद महतो ने कहा कि महा सम्मेलन से संगठन को नई दिशा मिलेगी और वन पर्यावरण सुरक्षा के मुद्दे को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

मौके पर समिति के केंद्रीय सचिव मोहम्मद सुलेमान अंसारी, केंद्रीय सदस्य आनंद महतो, केंद्रीय कोषाध्यक्ष कार्तिक मुखर्जी, केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो, शंकर बेदिया, प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो, शंकर टुडू, दशरथ टुडू, नकुल मुंडा, चुरामन बेदिया, शंकर बेदिया, तुलेश्वर महतो, धनु लाल महतो, महेश महतो, कजरी देवी, हुबलाल महतो, संजय कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *