Advertisement

सोनपुर रेल मंडल चिकित्सा विभाग द्वारा कुल 108 स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन

स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का 4,233 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर रेल मंडल के चिकित्सा विभाग के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025 -26 उल्लेखनीय उपलब्धियों का वर्ष रहा।

जानकारी के अनुसार पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा बीते वर्ष जनवरी से दिसंबर के दौरान यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। इस अवधि में मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा कुल 108 स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 4,233 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 2 सेमिनारों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त यात्रियों की चिकित्सा सहायता के लिए 1,912 पैसेंजर कॉल्स का त्वरित निस्तारण किया गया।

बताया जाता है कि सोनपुर रेल मंडल के अस्पतालों में वर्ष 2025 के दौरान कुल 1,10,786 ओपीडी उपचार किए गए, जबकि 3,790 रोगियों को आईपीडी (अस्पताल में भर्ती) सुविधा प्रदान की गई। विशेष चिकित्सा सेवाओं के अंतर्गत ऑर्थो, ऑन्कोलॉजी एवं कार्डियोलॉजी से संबंधित स्पेशल ओपीडी का आयोजन जेपी मेदान्ता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पटना के सहयोग से किया गया। वहीं, नेत्र रोग से संबंधित ओपीडी सेवा अखंड ज्योति हॉस्पिटल, मस्तिचक सारण के सहयोग से उपलब्ध कराई गईं।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए 2,091 कर्मचारियों को फर्स्ट एड प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही क्षमता निर्माण के अंतर्गत लगभग सभी नॉन-गजटेड कर्मचारियों ने iGOT प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
मंडल प्रबंधन के अनुसार सोनपुर रेल मंडल का चिकित्सा विभाग भविष्य में भी यात्रियों एवं रेलकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *