अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने सारण जिला के हद में सोनपुर क्षेत्र में लेवल क्रॉसिंग गेट क्रमांक एक पर चल रहे लिमिटेड हाइट सब-वे निर्माण कार्य की प्रगति का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कार्य की गुणवत्ता, समय बद्ध प्रगति एवं सुरक्षा मानकों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने 2 जनवरी को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि मंडल रेल प्रबंधक सरन ने बीते माह के अंतिम दिवस 31 दिसंबर को यह निरीक्षण किया। इस अवसर पर डीआरएम सरन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लिमिटेड हाइट सब-वे निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए, ताकि आम जन को शीघ्र लाभ मिल सके। निरीक्षण क्रम में उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान संरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो और रेलवे तथा सड़क उपयोगकर्ताओं दोनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उल्लेखनीय है कि इस लिमिटेड हाइट सब-वे के निर्माण से सड़क उपयोगकर्ताओं को अधिक सुविधा होगी। उन्हें अब रेलवे फाटक के बंद रहने के कारण प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे यातायात निर्बाध, सुगम एवं समयबद्ध हो सकेगा। इसके साथ ही, लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली भीड़भाड़ और दुर्घटनाओं की संभावना में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
लिमिटेड हाइट सब-वे के पूर्ण होने से न केवल यात्रियों और स्थानीय रहिवासियों के आवागमन सुविधा में सुधार होगा, बल्कि रेल परिचालन भी अधिक सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा।
यह परियोजना रेलवे की यात्री सुविधा, संरक्षा सुदृढ़ीकरण एवं बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पीआरआई के अनुसार सोनपुर रेल मंडल द्वारा क्षेत्र में यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा से जुड़े कार्यों को निरंतर प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि रेलवे सेवाओं को और अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित एवं जनोपयोगी बनाया जा सके।
![]()













Leave a Reply