Advertisement

बेहतर नेटवर्क कनेक्टीविटी को लेकर बोकारो उपायुक्त ने की बैठक

सात दिनों में आनलाइन पोर्टल पर लंबित आवेदनों को करें निष्पादित-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 23 दिसंबर को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बोकारो जिले में दूरसंचार सेवाओं की स्थिति, कनेक्टिविटी विस्तार, ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित लंबित आवेदनों एवं नेटवर्क समस्याओं की समीक्षा की गई।

मौके पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, सामान्य शाखा पदाधिकारी पियूष, यूआइडी डीपीएम शैलेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अमृत टोप्पो समेत आनलाइन सभी बीडीओ/सीओ व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त झा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोबाइल टावर अधिष्ठापना को लेकर ऑनलाइन पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का संबंधित बीडीओ/सीओ द्वारा निष्पादन सात दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं में अनावश्यक विलंब आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने बैठक के दौरान जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि आम जनता को निर्बाध इंटरनेट एवं मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे जिले में कनेक्टिविटी नेटवर्क का व्यापक सर्वेक्षण कर शैडो एरिया की पहचान करें। उन्होंने कहा कि शैडो एरिया चिन्हित होने से नेटवर्क विस्तार की योजना प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेगी, जिससे दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उपायुक्त ने बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय बैठकों में सभी संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि योजनाओं और निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान बोकारो जिले में दूरसंचार सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने, नेटवर्क कवरेज बढ़ाने एवं आम नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का लाभ सुचारु रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सेवाओं एवं विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *