रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय कसमार में 22 दिसंबर को विशेष शिक्षक – अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन का लक्ष्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में छात्र-छात्राओं का चहुंमुखी विकास के साथ – साथ उद्यमिता तथा नवाचार को प्रोत्साहित किया जाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर किया गया। स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी ने प्रस्तुत किया। विशेष अभिभावक – शिक्षक बैठक के महत्व पर महाकांत झा ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों के विकास में अभिभावकों के योगदान पर रामबाबू शुक्ल ने अपना उद्गार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार झा ने किया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट रेल परीक्षा में सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के अठारह छात्र – छात्राओं को जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, प्रखंड प्रमुख नियोति डे, गोमिया विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम, विद्यालय प्राचार्य फारुक अंसारी, समाजसेवी मोहम्मद सोहेल अंसारी, मुखिया गीता देवी, उप मुखिया मासूम रज़ा, प्रखंड संसाधन सेवी रंजीत कुमार, संकुल साधन सेवी विजय कुमार, नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा समेत अन्य अतिथियों ने प्रमाण पत्र, स्वर्ण पदक एवं उनके अभिभावकों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने अभिभावकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अभिभावकों से कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा दिए जाने वाले छात्रवृत्तियों की प्राप्ति हेतु समय से आवेदन देकर उसे प्राप्त करने को प्रेरित किया। कहा कि पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय कसमार का आने वाले दिनों में सीबीएसई बोर्ड के तर्ज पर संचालन किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को सुबह के समय जलपान कराकर विद्यालय भेजने को कहा। सुझाव दिया कि बच्चों को मोबाइल लेकर विद्यालय न आने दें। इच्छा व्यक्त की कि विद्यालय के सभी बच्चे प्रथम श्रेणी में माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा पास करें। विधायक प्रतिनिधि शेरे आलम ने अभिभावकों से विद्यार्थियों के हित में और मेहनत करने पर बल दिया।
कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रतिभा निखरती है और समाज में सकारात्मक सोच को बल मिलता है। प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
![]()













Leave a Reply