Advertisement

बोकारो में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज़, 24 दिसंबर तक होगा मुकाबला

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर चार स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में 14 दिसंबर को सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन आगामी 24 दिसंबर तक चलेगा।

उद्घाटन समारोह में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज एंजेला सिंह सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी एवं गणमान्य मौजूद रहे। सांसद खेल महोत्सव के तहत फुटबॉल, एथलेटिक्स, क्रिकेट, वॉलीबॉल समेत कुल 10 खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बोकारो और धनबाद क्षेत्र से लगभग दो हजार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विभिन्न स्थानों से पहुंचे खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सांसद ढुल्लू महतो एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने हरि झंडी दिखाकर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया।

इससे पहले सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई। मौके पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एंजेला सिंह ने कहा कि यहां से चयनित विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब खेल में पहले से कहीं अधिक संभावनाएं हैं और खिलाड़ी अपनी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकते हैं।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिले। सांसद खेल महोत्सव इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जिससे युवा खिलाड़ी आगे बढ़कर देश और राज्य का नाम रोशन कर सकें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *