Advertisement

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 80 मास्टर वॉलंटियर्स को मिला विशेष प्रशिक्षण

नशा-मुक्ति जागरूकता फैलाने के लिए तैयार होंगे प्रशिक्षित मास्टर वॉलंटियर्स

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। नशा मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से 22 नवंबर को बोकारो जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में एक दिवसीय मास्टर वॉलंटियर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से चुने गए
कुल 80 मास्टर वॉलंटियर्स ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया, जिन्हें आगे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नशा-मुक्ति संबंधी जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की। प्रशिक्षण सत्र का संचालन सुशील कुमार शर्मा और मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के संस्थापक गौतम सागर मुख्य रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान की महत्ता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा सामुदायिक सहभागिता पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अनीता झा ने बच्चों को नशे से दूर रखने की रणनीतियों, विद्यालयी जागरूकता कार्यक्रमों और सामुदायिक सतर्कता की आवश्यकता पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में नीति आयोग के अमर कुमार, एनजीओ सहयोगिनी, जेएसएलपीएस एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र शामिल हुए, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रम और अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा नशा-मुक्त बोकारो बनाने की दिशा में सामूहिक शपथ दिलाई गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *