रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार के तहत 21 नवंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू पंचायत में भव्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिप सदस्य, बीडीओ, सीओ, विधायक प्रतिनिधि, थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में प्रखंड एवं जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और कई मामलों में मौके पर ही निवारण की प्रक्रिया शुरू की।
विभागों ने लगाए स्टॉल, बड़ी संख्या में पहुँचे ग्रामीण
शिविर में पेयजल एवं स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य आपूर्ति, मनरेगा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, शिक्षा एवं राजस्व विभाग सहित कई औपचारिक इकाइयों ने अपनी सेवाओं से जुड़े काउंटर लगाए। यहां ग्रामीण जनों ने योजनाओं का आवेदन किया, शिकायतें दर्ज कराईं और पात्रता की जांच करवाई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने परिसंपत्ति का वितरण किया। शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पेंशन स्वीकृति पत्र, राशन कार्ड, कृषि उपकरण, लाभुक प्रमाण पत्र एवं अन्य परिसंपत्तियों का पत्र लाभार्थियों को सौंपा गया। वितरण के दौरान रहिवासियों में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पहुँचे। कहा कि आज के शिविर में भूमि से जुड़े कई मामलों का समाधान प्रारंभ किया गया है। सभी वैध दावों पर तेज़ी से कार्रवाई की जाएगी। जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि बोकारो जिले का दांतू पंचायत जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने से क्षेत्र के रहिवासियों को घर के पास ही सुविधा मिलती है। हम सभी जन प्रतिनिधि मिलकर विकास कार्यों को और गति देंगे।

विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्पष्ट निर्देश है कि हर समस्या को गंभीरता से लिया जाए। आज कई लाभुकों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया है। क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी जल्द कदम उठाए जाएंगे। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी ने कहा कि आज बड़ी संख्या में प्रखंड के रहिवासियों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किए हैं। हमने हर विभाग को निर्देश दिया है कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें। कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि जरूरतमंदो को किसी तरह की कठिनाई न हो।
अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भूमि–राजस्व संबंधी सभी शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। कई मामलों में स्थल पर ही सत्यापन किया गया है। राजस्व से जुड़े सभी वैध आवेदनों को प्राथमिकता दी जाएगी। कसमार थाना प्रभारी भजनलाल महतो ने कहा कि इस योजना से सही समय पर हर समस्या का निदान होता है।
स्थानीय मुखिया चंद्रशेखर नायक ने कहा कि वे अपने पंचायत के रहिवासियों का समस्या समाधान करते आया हूँ और करते रहूंगा। मेरा प्रयास हमेशा क्षेत्र के विकास के प्रति रहा है। उन्होंने कहा कि दांतू पंचायत लंबे समय से कई बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहा था। आज अधिकारियों की उपस्थिति से उन्हें काफी राहत मिली है। पंचायत स्तर पर भी हर संभव प्रयास किया जा रहा है। पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार ने कहा कि यह शिविर ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ी पहल है। हम चाहते हैं कि हर लाभुक तक सरकारी सेवाएँ समय पर पहुँचे। ग्रामीणों की समस्याएँ अब तेजी से हल होंगी।
ग्रामीणों में उत्साह, प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी बताया। रहिवासियों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती है और समय की बचत होती है। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कुमार नायक, पंचायत सेवक धरणीधर सिंह, रोजगार सेवक रामू मांझी सहित सभी वार्ड सदस्य शामिल थे।
![]()













Leave a Reply