रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र में पिछले कई महीनों से हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतरप्रांतीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, रेलवे गुड्स शेड, गोविंद मार्केट और आसपास के इलाकों में बढ़ती चोरी की घटनाओं से रहिवासी परेशान थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह को पकड़ने में सफलता पाई।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना समशेर आलम चोरी की मोटरसाइकिलों को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में खपाया करता था। उसका सहयोगी अंगद कुमार मोटरसाइकिलों को बंगाल ले जाने और छिपाने में मदद करता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस बावत पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने की संभावना है।
इसे लेकर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने 20 नवंबर को बालीडीह थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो ग्लैमर, बजाज पल्सर, हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित कुल 9 बाइक शामिल हैं, जिनमें से कुछ बिना नंबर प्लेट के हैं।
![]()













Leave a Reply