एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के 42 प्रतिभाशाली छात्रों का दल 20 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली रवाना हो गया।
जानकारी के अनुसार खेलों का यह महाकुंभ दिल्ली के 10 अलग-अलग स्टेडियमों में आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। डीएवी कथारा के छात्रों की टीम क्लस्टर एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजयी होकर इस पड़ाव तक पहुंचे हैं। ये विद्यार्थी वॉलीबॉल बालक वर्ग के अंडर- 14, 17 एवं 19 तीनों श्रेणियों, बालिका वर्ग में अंडर-17, फुटबॉल में अंडर-17, क्रिकेट में अंडर-19 , कबड्डी में अंडर -19 तथा मार्शल आर्ट एवं एथलेटिक्स खेल से जुड़े हैं।
डीएवी कथारा के छात्रों के दल के साथ विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रंजीत कुमार सिंह, शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार, शिक्षक विकास कुमार सिंह एवं शिक्षिका ममता पात्रा भी मार्गदर्शक के रूप में शामिल हैं। विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन.खान ने शुभाशीष एवं आशीर्वचनों के साथ विद्यार्थियों को विदा किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डीएवी कथारा के विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। विद्यार्थी अध्ययन क्षेत्र के साथ-साथ खेलों, चित्रकला, गायन -वादन प्रत्येक क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान अंकित कर चुके हैं। ऐसे विभिन्न क्रियाकलाप विद्यार्थियों के चतुर्मुखी, सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों की संख्या गत वर्षों से काफी अधिक है।
यह अत्यंत हर्ष का विषय है। प्राचार्य ने विशिष्ट जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को डीएवी प्रबंधकीय समिति नई दिल्ली द्वारा ₹5100 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों का मनोबल और भी ऊंचा होगा। प्राचार्य डॉ खान ने विश्वास जताया कि डीएवी कथारा के ये चयनित विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का डंका बजाएंगे।
ये अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक आदर्श स्थापित करेंगे कि किस प्रकार खेलों के माध्यम से भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है। प्राचार्य ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं एवं कहा कि वे जिस प्रयोजन के लिए जा रहे हैं, वह प्रयोजन शत प्रतिशत सफल हो, इसकी वे कामना करते हैं।
![]()













Leave a Reply