Advertisement

पुनः सरकार आ रही आमजनों के दरवाजे, होगा समस्याओं का त्वरित निष्पादन-उपायुक्त

आज से आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार का शुभारंभ, लगेंगे कुल 213 शिविर

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुनः एक बार आपकी योजना- आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ 21 नवंबर से होने जा रहा है।

सरकारी सेवाओं को लाभुकों के दरवाजे तक पहुंचाने के कार्यक्रम को गति देने के लिए इस बार पूरे जिले में 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक कुल 213 शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य अब तक किसी योजना के लाभ से वंचित रहे नागरिकों को शिविरों में तत्काल निष्पादन और पंजीकरण का अवसर मिल सके।

उक्त बातें बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 20 नवंबर को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आयोजित सभी शिविर में राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदो को एक ही स्थान पर सभी विभागीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

शिविरों में उक्त के अतिरिक्त ऑन द स्पॉट स्टॉल, हेल्प डेस्क, मीडिया सेंटर आदि स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर समस्याओं का स्थल पर ही निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि शिविर में खाद्य आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, श्रम विभाग, महिला बाल एवं समाज कल्याण विभाग, कृषि, पशुपालन, आदि।

सहकारिता, जेएसएलपीएस, विद्युत, पेयजल तथा स्वास्थ्य विभाग के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं यथा अबुआ स्वास्थ्य सहायता योजना, सर्वजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना आदि के स्टॉल लगेंगे।

डीसी ने बताया कि आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर का विशेष फोकस आमजनों को आसानी से आय, जाति, आवासीय तथा जन्म-मृत्यू आदि का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना है। प्रखंड, अंचल व् जिला स्तर पर इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेवाओं का लाभ लें।

राज्यस्तरीय मॉनिटरिंग, आरसीडी के प्रधान सचिव को जिला नोडल का दायित्व

डीसी झा ने बताया कि पूरे अभियान की निगरानी राज्य स्तर से की जाएगी। सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) के प्रधान सचिव सुनील कुमार को बोकारो जिले का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने आज ही सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों, बीडीओ और सीओ के साथ वीडियो संवाद के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया है कि किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं हो और शिविरों के सफल संचालन के लिए पूरी टीम सक्रिय रहे।

मौके पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने बताया कि सभी शिविरों में पुलिस हेल्प सेंटर स्थापित किया जाएगा। जहां आम जनों को विभाग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं यथा चरित्र प्रमाण पत्र हेतु आवेदन, मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत, सत्यापन जैसे अन्य पुलिस-संबंधी कार्य निष्पादित किए जाएंगें।

कहा कि विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के रहिवासियों को भी आवश्यक सर्टिफिकेट और रिपोर्ट बनाने में सुविधा मिले और उन्हें थाने/कार्यालय नहीं जाना पड़ें। साथ ही, आमजनों को साइबर अपराध और नये अपराधों से भी जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग की ओर से सभी शिविरों में कल्याण मंच स्थापित किया जाएगा।

मंच के माध्यम से लाभुकों के बीच मौके पर ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं आदि से जुड़ी परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्रों का मौके पर ही वितरण किया जाएगा।
बताया गया कि आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविरों के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर टीमों का गठन कर दिया गया है।

शिविरों में भीड़ प्रबंधन, सेवा वितरण और शिकायत निवारण के लिए अलग से कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। अधिक से अधिक नागरिक इस कार्यक्रम का लाभ लेते हुए अपनी समस्याओं का समाधान तथा योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त करें। कहा गया कि सभी प्रखंडों के लिए आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले के वरीय पदाधिकारियों को संबंधित प्रखंडों का पर्यवेक्षक पदाधिकारी बनाया गया है। जो पूरे कार्यक्रम में उपस्थित होकर मॉनिटरिंग का काम करेंगे।

बताया गया कि जिला के हद में चास प्रखंड के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, चंदनकियारी प्रखंड के लिए अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, जरीडीह प्रखंड के लिए अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, पेटरवार प्रखंड के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, नावाडीह प्रखंड के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुवा, बेरमो प्रखंड के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलको, कसमार प्रखंड के लिए जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, चंद्रपुरा प्रखंड के लिए निदेशक डीपीएलआर मेनका तथा गोमिया प्रखंड के लिए जिला पंचायतीराज पदाधिकारी मो. शफीक आलम को जिला स्तरीय पर्यवेक्षक/वरीय नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

कार्यक्रम के तहत 21 नवंबर को चास प्रखंड के भंड्रॉ एवं तुरीडीह पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भंड्रॉ, चंदनकियारी प्रखंड के बाटबिनोर पंचायत के बाटबिनोर पंचायत सचिवालय, गोमिया प्रखंड के पचमो पंचायत के मध्य विद्यालय रहावन का मैदान में, नावाडीह प्रखंड के भलमारा पंचायत के पंचायत सचिवालय, चंद्रपुरा प्रखंड के नर्रा पंचायत के पंचायत सचिवालय, पेटरवार प्रखंड के बुण्डू एवं पेटरवार पंचायत के संबंधित पंचायत सचिवालय, जरीडीह प्रखंड के अराजू पंचायत के पंचायत सचिवालय भवन में, कसमारआदि।

प्रखंड के दांतु पंचायत के संबंधित पंचायत सचिवालय, बेरमो प्रखंड के अरमो पंचायत के संबंधित पंचायत सचिवालय, नगर निगम चास के वार्ड क्रमांक एक एवं 10 के मदरसा ग़ौश नगर और नगर परिषद फुसरो के वार्ड क्रमांक एक में रामाधार सिंह पब्लिक स्कूल नियर दुर्गा मंदिर रामनगर में शिविर का आयोजन होगा। प्रेस वार्ता के मौके पर डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *