Advertisement

कसमार थाना क्षेत्र में जोरों पर अवैध शराब की बिक्री, पुलिस ने जिम्मेदारी से झाड़ा पल्ला

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री जारी है। शाम होते ही कई स्थानों पर अवैध शराब की दुकानें सक्रिय हो जाती हैं।

इस बावत स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि शराब विक्रेताओं पर रोक लगाने के बजाय प्रशासन की चुप्पी ने इनका हौसला बढ़ा दिया है। विशेष कर साप्ताहिक हाट बाजार के दिनों में अवैध रूप से शराब की बिक्री खुले आम हो रही है। जिससे आज कल सभ्य परिवार के रहिवासी शराबियों की हरकत से बाजार में खरीदारी करने से भयग्रस्त रहते है।
ज्ञात हो कि कसमार प्रखंड के हद में खैराचातर बाजार में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार, पीरगुल में गुरुवार और रविवार, कसमार में शुक्रवार और सोमवार, मधुकरपुर में बृहस्पतिवार और रविवार तथा दांतू में बुधवार को साप्ताहिक हाट लगता है।

हाट बाजार में सुबह 11 बजे से लेकर रात 8 बजे तक शराबियों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है। इसे रोकने को लेकर ग्रामीणों ने कई बार पुलिस को इस अवैध कारोबार की सूचना दी, लेकिन पुलिस की ओर से यह कहकर मामले को टाल दिया जाता है कि यह उत्पाद विभाग का मामला है। वहीं, उत्पाद विभाग की टीम भी शायद ही कभी क्षेत्र में जांच अभियान चलाती है।

रहिवासियों की माने तो जिन जगहों पर शराब की बिक्री खुले आम होती है उसमें प्रखंड के हद में बगदा, दांतू, पोंडा, मंजूरा, मधुकरपुर, कमलापुर आदि शामिल है। इसे देखने वाला कोई नहीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस और उत्पाद विभाग की आपसी समन्वय की कमी के कारण क्षेत्र में शराब का अवैध धंधा पनप रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संयुक्त अभियान चलाकर इस अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए। अन्यथा कभी भी यहां अप्रिय घटना होने से कोई रोक नहीं सकता है। क्षेत्र के बाजार में शराब के पीने के बाद कई बार बड़ी घटना होते होते बचा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *