Advertisement

आईओक्यूएम में डीपीएस बोकारो के 13 छात्रों ने मारी बाजी, अनुज रहा टॉपर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय स्तर की लब्ध-प्रतिष्ठित गणितीय परीक्षा आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स) में डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) बोकारो के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

विद्यालय की 12वीं कक्षा के छात्र अनुज ने सर्वाधिक 43 अंक लाकर अपने स्कूल में सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के कुल 13 छात्र-छात्राओं ने इस कठिन परीक्षा में कामयाबी दर्ज करते हुए आरएमओ (रीजनल मैथेमेटिकल ओलम्पियाड) के लिए क्वालीफाई किया है।

बताया जाता है कि अनुज के अलावा विद्यालय की 12वीं कक्षा के छात्र रिद्धिम गुप्ता, कुमार अनमोल एवं अमन राज अमन सहित 11वीं कक्षा के उत्कर्ष कुमार, जय सात्विक मदिरेड्डी व आयुषी सिंह, 10वीं के छात्र रौनक राज, ऋषभ राज, श्लोक आनंद, शिवम ओझा एवं आलिया सेनापति तथा 9वीं कक्षा के आशुतोष कुमार मिश्रा ने भी इस परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है।

डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अगले चरण की परीक्षाओं में और भी बेहतरी के साथ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, उनकी कुशलता, गणित के प्रति उनकी लगन तथा विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण का जीवंत उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि आईओक्यूएम भारत में गणितीय ओलंपियाड कार्यक्रम का पहला चरण है, जिसे गणितीय योग्यता और समस्या समाधान कौशल के कठोर परीक्षण के लिए जाना जाता है। यह भारतीय राष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड (आईएनएमओ) में प्रतिनिधित्व करने के जिज्ञासु छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो अंतरराष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड (आईएमओ) में भाग लेने वाली भारतीय टीम की चयन-प्रक्रिया के पहले चरण के रूप में कार्य करती है।

यह चयन-प्रक्रिया सुव्यवस्थित करने के लिए आईओक्यूएम को वर्ष 2020 में एक समेकित परीक्षा के रूप में शुरू किया गया था, जिसे पहले प्री-आरएमओ (पूर्व-क्षेत्रीय गणितीय ओलंपियाड) के रूप में जाना जाता था। यह परीक्षा गणित शिक्षक संघ (भारत) द्वारा होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र के सहयोग से राष्ट्रीय उच्च गणित बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित की जाती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *