Advertisement

गोमिया से करोड़ों की ठगी कर चिटफंड कंपनी फरार

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया क्षेत्र से करोड़ों की ठगी कर चिट फंड कंपनी रफ्फु चक्कर हो गया है। दर्जनों निवेशकों ने आईईएल थाना में उक्त चिटफंड कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार बैंक मोड़ गोमिया में एक बड़ी ठगी के मामला प्रकाश में आया है। इस बार बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस में संचालित डोलो ट्रेड नामक कंपनी के अधिकारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दर्जनों निवेशकों ने आईईएल थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

आरोप है कि कंपनी के नाम पर एक परिवार के संगठित गिरोह ने डोली पैलेस के मकान मालिक सहित निवेशकों को आकर्षक ब्याज दरों का लालच देकर लगभग 750 निवेशकों से करोड़ों रुपये ठग लिए है। आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस बावत गोमिया प्रखंड के हद में स्वांग रहिवासी नीरज कुमार साहू ने 24 अक्टूबर को बताया कि उपरोक्त कंपनी के नाम पर संगठित गिरोह गोमिया करमाली टोला रहिवासी नरेश करमाली, उसकी पत्नी पिंकी देवी, राहुल करमाली, बेरमो प्रखंड के हद में जारंगडीह रहिवासी बसंत करमाली, सारस करमाली व स्वांग हजारी बस्ती रहिवासी सूर्यदेव प्रजापति ने आकर्षक ब्याज दरों का लालच देकर वर्ष 2022 में उससे ढाई लाख रुपये ठग लिए है।

बताया कि कंपनी के विभिन्न योजनाओं को बताते हुए झांसा देकर रुपये इनवेस्ट करने को कहा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त द्वारा कहा गया कि प्रति माह तीन प्रतिशत ब्याज के साथ निश्चित समय पुरा करने पर मूलधन भी वापस कर दिया जाएगा। उनके झांसे में आकर कंपनी में पैसा निवेश किया था। कथारा रहिवासी नवीन कुमार ने बताया कि डोलो ट्रेड के नरेश करमाली व अन्य की बातों में आकर व मिलनेवाली ज्यादा ब्याज दर के लालच में आकर साढ़े चार लाख नकद दे दिया। अपने कई रिश्तेदारों के भी 15 लाख रुपये कंपनी में जमा कराए थे। गोमिया रहिवासी सौरभ कुमार भी इस घटना के भुक्त भोगी है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए छानबीन तेज कर दी है। समाचार लेखन तक सभी आरोपी फरार बताये जा रहे है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *