Advertisement

चीरा चास पुलिस ने तीन दिन में सुलझाई स्कूटी चोरी की गुत्थी, दो चोर गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के चीरा चास थाना क्षेत्र से चोरी गये इलेक्ट्रिक स्कूटी की गुत्थी को पुलिस ने महज तीन दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है।

मामला बीते 18 अक्टूबर का बताया जा रहा है, जब वादी भाई काका कंपलेक्स चीरा चास रहिवासी कुमार सौरभ ने अपने गैरेज से ब्लू रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना के बाद चीरा चास थाना में 21 अक्टूबर को कांड क्रमांक 133/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार दुबे के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर गौस नगर भर्रा बस्ती रहिवासी मुर्तजा हुसैन गौहर के पुत्र आमीर असरफ और गौस नगर संत जेवियर कॉलोनी रहिवासी कासिम खान के पुत्र जुल्फीकार खान को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर की गयी छापेमारी के दौरान चोरी की गई ब्लू रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्कूटी बरामद की गई। इस कार्रवाई में राजेश्वर पासवान, विक्रम कुमार, राजकपुर सेठ, पिंटू कुमार शाही, जाकिर हुसैन और मार्सल चटर्जी सहित पुलिस बल की अहम भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *