Advertisement

सीएम ने किया सारण की जनता से सभी एनडीए प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान

अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी व् रोजगार का वादा-नीतीश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार 23 अक्टूबर को सारण जिला के हद में परसा विधानसभा क्षेत्र के दरियापुर में चुनावी सभा में भाग लिया। आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार के एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने का उनकी सरकार ने तय किया है।

सीएम नीतीश परसा विधान सभा के एनडीए प्रत्याशी जदयू के छोटे लाल राय के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सोनपुर विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी भाजपा के विनय कुमार सिंह एवं गरखा विधानसभा क्षेत्र (अजा) के लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी सीमांत मृणाल को उपस्थित जनता से हाथ उठाकर जिताने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जबसे उनकी सरकार बनी है तब से बिहार में कानून का राज कायम है। उससे पूर्व पूरे राज्य में भय, आतंक, समाज में विवाद होता रहता था। न सही ढंग से पढ़ाई हो रही थी न उसकी कोई व्यवस्था थी। न इलाज की व्यवस्था और न ही सड़क, बिजली। विकास का कोई काम नहीं किया गया था। कहा कि हमेशा इस बात को याद रखिए कि उन्होंने सभी के लिए काम किया। हिन्दुओं के लिए तो मुसलमानों के लिए भी। किसी से कोई भेदभाव नहीं किया। मदरसों को सरकारी मान्यता दी। पढ़ाने वाले शिक्षकों को सरकारी सेवकों की तरह वेतन दिया।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि हमने पुलिस में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। देश में किसी राज्य में इतनी महिलाओं की नौकरी में संख्या नहीं है। कहा कि स्वयं सहायता समूह जीविका में इनकी भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। इस अवसर पर भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल, जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संजय झा, सारण के भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोनपुर अनुमंडल के दरियापुर में 23 अक्टूबर को आयोजित चुनावी जनसभा में सोनपुर विधान सभा के एनडीए (भाजपा) प्रत्याशी विनय कुमार सिंह, परसा विधान सभा से एनडीए (जदयू ) प्रत्याशी छोटे लाल राय, गरखा विधानसभा सुरक्षित से एनडीए (लोजपा रामविलास) के प्रत्याशी सीमांत मृणाल को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने उपरोक्त तीनों प्रत्याशियों को जिताने के लिए जनता से हाथ उठाकर जिताने का संकल्प व्यक्त करवाया। साथ ही क्षेत्र की जनता से सभी एनडीए प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *