Advertisement

छठ पर्व की तैयारी को ले उपायुक्त ने बेरमो के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण

निरीक्षण का उद्देश्य-छठव्रतियों को मिले बेहतर सुविधा-अजय नाथ झा

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के हिन्दुस्तान पुल छठ घाट एवं करगली फिल्टर प्लांट छठ घाट का 22 अक्टूबर को जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि लोक आस्था का प्रतीक छठ पर्व नेम-निष्ठा, स्वच्छता और पवित्रता का प्रतीक है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को इस पर्व के दौरान सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उपायुक्त झा ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेरमो एवं बीडीओ तथा सीओ को निर्देश दिया कि दोनों प्रमुख घाटों पर स्थायी छठ घाट निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर जिला मुख्यालय को भेजें। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष छठ पर्व से पूर्व घाट का स्थायी निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को दीर्घकालीन सुविधा प्राप्त हो।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छठ पर्व से पूर्व घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं सजावट की पूरी तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति, पुल व घाट क्षेत्र की रोशनी और सजावट तथा सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आपकी भक्ति एवं श्रद्धा में हमारी आस्था है। प्रशासन पूर्ण निष्ठा के साथ यह सुनिश्चित करेगा कि श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और पवित्र वातावरण में व्रत एवं पूजा-अर्चना संपन्न कर सके। उपायुक्त ने यहां संचालित पब्लिक सेक्टर यूनिट एवं स्वयंसेवी संस्थाओं व् पूजा समितियों से अपील की कि वे छठ पर्व की तैयारी में प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही छठ पर्व को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप दिया जा सकता है। उन्होंने सभी पीएसयू – छठ पूजा समितियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत प्रतिनियुक्ति वॉलिंटियर्स को परिचय पत्र देने का निर्देश दिया। वहीं, तेनुघाट डैम प्रमंडल पदाधिकारियों के साथ एसडीओ बेरमो को पानी छोड़ने वाले बिंदु पर बैठक करने का निर्देश दिया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेरमो मुकेश मछुवा, बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार, अंचल अधिकारी (सीओ) संजीत कुमार सिंह, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सीसीएल करगली व् ढ़ोरी के प्रतिनिधि समेत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि, न्यू स्टार क्लब फुसरो छठ पूजा समिति के अध्यक्ष विजय सिंह, संजय सिंह, अनिल गुप्ता, धनश्याम प्रसाद, नागेश्वर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, रवि छाबड़ा, शिव सिन्हा, कांग्रेसी नेता अरुण कुमार सिंह, युवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष वैभव चौरसिया आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *