एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लोक आस्था का महापर्व छठ पर्व के अवसर पर दक्षिण पुर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल रेल यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा उन्हें बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष तैयारी की गयी है। इसके तहत आद्रा रेल मंडल द्वारा बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था चाक चौबंद की गई हैं।
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा हेतु भारतीय रेलवे द्वारा पूरे देश में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 7,724 थी। यह रेलवे द्वारा त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए की गई महत्वपूर्ण पहल है।

इस श्रृंखला में बीते 21 अक्टूबर को चारलापल्ली-पटना-चारलापल्ली एवं धनबाद-भुवनेश्वर-धनबाद पूजा स्पेशल ट्रेन बोकारो स्टील सिटी स्टेशन होकर गुजरी। रेल यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए बोकारो स्टेशन पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि यात्रियों को सुव्यवस्थित ढंग से मार्गदर्शन दिया जा सके और स्टेशन परिसर में प्रवेश नियंत्रित रहे। यहां रेल यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन हेतु हेल्प डेस्क एवं सहयोग काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म एवं कोच से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा राज्य पुलिस (जीआरपीएस) के सहयोग से बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त सुरक्षा जांच एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, आद्रा स्टेशन पर यात्रियों में सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। त्योहारी विशेष ट्रेनों में स्काउटिंग दलों द्वारा ऑन-बोर्ड जागरूकता एवं सहायता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को हर संभव सहयोग प्राप्त हो सके।

इसके अतिरिक्त, रेल यात्रियों द्वारा दर्ज की जाने वाली प्रत्येक शिकायत एवं सहायता अनुरोध का शीघ्र निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इन सभी कार्यों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आद्रा रेल मंडल के वार रूम से सतत रूप से की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में यात्रियों को तुरंत सहायता प्रदान की जा सके। कहा गया कि रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे अनुशासन और सहयोग बनाए रखें, ताकि त्योहारों के दौरान सभी को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
![]()













Leave a Reply