Advertisement

झारखंड पुलिस ने कुख्यात अपराधी सौरभ शर्मा को जयपुर से किया गिरफ्तार

जमशेदपुर पुलिस की कार्रवाई में कई जघन्य कांडों का साजिशकर्ता चढ़ा पुलिस के हत्थे

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात अपराधी सौरभ शर्मा उर्फ रिंकू सेठ को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।

बताया जाता है कि वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी सौरभ शर्मा जयपुर के शाहपुरा थाना क्षेत्र में छिपा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) ने किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते 19 अक्टूबर को जयपुर के हरदासवाली, वार्ड क्रमांक 3 अमरपूरा रोड से उसे धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक अपराधी सौरभ शर्मा वर्ष 2024 में जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों का मुख्य अभियुक्त है।
ज्ञात हो कि बीते वर्ष एक फरवरी 2024 को टाटानगर के सीतारामडेरा क्षेत्र में पांडेयघाट चौधरी होटल के समीप सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने स्थानीय रहिवासी बानेश्वर नामता उर्फ मानस को गोली मारकर जख्मी कर दिया था, जबकि उसके मित्र टकलू लोहार की गोली लगने से मौत हो गई थी।

इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इस घटना का मुख्य आरोपी रिंकू सेठ लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार फरारी के दौरान मुख्य आरोपी रिंकू सेठ ने अपने गिरोह के साथ मिलकर जमशेदपुर में कई अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। उसी वर्ष 2 फरवरी को मानगो थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बैकुंठ नगर में राजा सिंह की हत्या की गई थी। इसके अलावा बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक रोड पर आशुतोष ओझा उर्फ अंशु पर जानलेवा हमला किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अपराधी रिंकू सेठ अमरनाथ सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहा था और जेल से छूटने के बाद पुनः गिरोह को सक्रिय करने के लिए शहर में दहशत फैलाने लगा था। वह मेसेजिंग ऐप्स के माध्यम से अन्य अपराधियों के संपर्क में रहकर जमीन कारोबारियों से अवैध वसूली कर रहा था।

जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी की तकनीकी निगरानी करते हुए उसे ट्रैक किया और आखिरकार जयपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी से झारखंड में उसके द्वारा फैलाए गए आपराधिक नेटवर्क को करारा झटका लगा है। गिरफ्तारी के वक्त मुख्य आरोपी रिंकू सेठ के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार सौरभ शर्मा का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है।

उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, छिनतई, फायरिंग सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। उस पर सीतारामडेरा, बिरसानगर, परसुडीह और बिष्टुपुर थानों में कुल पाँच आपराधिक कांड दर्ज हैं। जमशेदपुर पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी की गिरफ्तारी से न सिर्फ शहरवासियों ने राहत की सांस ली है, बल्कि रहिवासियों का कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *