Advertisement

छठ महापर्व पर चक्रधरपुर रेल मंडल की विशेष तैयारी

वेटिंग टिकट कंफर्म कराने के लिए हर ट्रेन में लग रहे 22 कोच

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में छठ महापर्व को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हरिया और सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि रेल मंडल का पूरा तंत्र यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में जुटा है।

बताया गया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में एक वार रूम बनाया गया है। यहां 24 घंटे रेल कर्मी तैनात रहेंगे, जो रेल मंडल के टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा स्टेशनों की स्थिति पर लगातार नजर रखे है। बताया गया कि छठ पर्व को देखते हुए रेल यात्रियों को वेटिंग टिकट की समस्या से बचाने के लिए ट्रेनों में 22 कोच लगाए जा रहे हैं।

जनरल डिब्बों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाइन लगाकर यात्रियों को प्रवेश कराया जा रहा है, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके। बताया गया कि इस दौरान संबंधित रेलवे स्टेशन परिसर में मेडिकल सुविधा की भी पूरी व्यवस्था की गई है। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए एक बार घोषित किए गए प्लेटफॉर्म नंबर में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है, जिससे किसी को असुविधा न हो।

ज्ञात हो कि, छठ पर्व के दौरान यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे देश के कोने-कोने से स्पेशल ट्रेनें चला रही है। सभी ट्रेनों को समयानुसार चलाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हरिया ने कहा कि रेलवे का फोकस इस बात पर है कि यात्रियों को कोई परेशानी न हो और उनकी यात्रा आरामदायक एवं सुरक्षित तरीके से पूरी हो। कहा कि रेल मंडल का पूरा स्टाफ यात्रियों की सेवा में पूरी तत्परता से लगा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *