Advertisement

दिवंगत मंत्री जगन्नाथ महतो के पिता नेमनारायण महतो का निधन

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। झारखंड सरकार के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो के पिता नेमनारायण महतो का 21 अक्टूबर की सुबह बोकारो के मेडिकेंट अस्पताल में निधन हो गया। 85 वर्षीय महतो पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। परिजन उपचार के लिए उन्हें मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराए थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने 21 अक्टूबर की सुबह अंतिम सांस ली।

ज्ञात हो कि दिवंगत नेमनारायण महतो भारतीय रेलवे में कर्मचारी थे। लगभग 20 वर्ष पूर्व वे सेवानिवृत्त हुए थे। मृदुभाषी और सरल स्वभाव के लिए वे क्षेत्र में जाने जाते थे। अक्सर अपने पुत्र दिवंगत मंत्री जगन्नाथ महतो, पुत्रवधू पूर्व मंत्री सह झारखंड राज्य बाल संरक्षण अधिकार आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी और पोते झामुमो नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो के चंद्रपुरा प्रखंड के अलारगो के सीमराकुल्ही स्थित आवास पर आने-जाने वाले से आत्मीयता से मिलते थे। वो जनसंपर्क में सदैव सक्रिय रहते थे और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनने तथा सहयोग करने में तत्पर रहते थे।

उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में उन्हें जाननेवाले अस्पताल और उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी जानकारी के अनुसार, अस्पताल से शव को उनके पैतृक आवास लाया गया, जिसके बाद भंडारीदह स्थित दामोदर नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *